सरायमीर (आजमगढ़) 06/05/2026
सरायमीर सभासद के बेटे से मारपीट-लूट, पुलिस पर गंभीर आरोप, SP से शिकायत
सरायमीर, आजमगढ़। वार्ड नं0 1 खुदकाश्ता उर्फ सरायमीर की सभासद गीता देवी ने पुलिस पर उनके बेटे को पीटने, गाली-गलौज करने और 10,000 रुपये लूटने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। सभासद ने SP आजमगढ़ को दरखास्त देकर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और बेटे को बाइज्जत बरी करने की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थिनी गीता देवी पत्नी अशोक कुमार सोनकर के मुताबिक, उनका बेटा अनिल कुमार मछली विक्रय का काम करता है और सभासद प्रतिनिधि भी है। दिनांक 30/04/2026 को शाम 5:00 बजे वह खुदकाश्ता स्थित पोखरे पर था। आरोप है कि तभी पुलिसकर्मी अलोक कुमार शुक्ला व एसआई पंकज अपने साथियों के साथ पहुंचे और अनिल को जातिसूचक शब्दों से गाली देते हुए लात-घूंसों से पीटने लगे।
दरखास्त में आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने अनिल की जेब से 10,000 रुपये भी छीन लिए और थाने लाकर जुए में फर्जी मुकदमा पंजीकृत कर दिया। सभासद का दावा है कि पुलिस ने नीचे वाले पैंट की जेब से 6600 रुपये निकालकर बरामदगी दिखा दी। गीता देवी ने आरोप लगाया कि घटना के समय पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे।
थाना इंचार्ज का पक्ष
जब इस दरखास्त के संबंध में थाना इंचार्ज सरायमीर से बात की गई तो उन्होंने आरोपों को नकार दिया। थाना इंचार्ज का कहना है कि *”अनिल कुमार को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया था। मौके से नकदी बरामद हुई थी, जिसके बाद जुआ अधिनियम में मुकदमा लिखकर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस पर लगाए गए मारपीट और लूट के आरोप बेबुनियाद हैं और जुए में पकड़े जाने के बाद बचने के लिए लगाए जा रहे हैं।”
अबुल बशर आज़मी पत्रकार
सरायमीर
