जीटीआर ब्रिज को सिक्स लेन बनाए जाने की मांग, संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

चंदौली। जनपद के वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने जिलाधिकारी चंदौली चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात कर रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित जीटीआर ब्रिज को सिक्स लेन बनाए जाने की मांग की है।

ज्ञापन के माध्यम से संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने बताया कि मुगलसराय स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन देश का एक महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन है, जहां प्रतिदिन कई राज्यों एवं जनपदों से हजारों यात्री आते-जाते हैं। अत्यधिक यातायात के कारण क्षेत्र में अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है।

उन्होंने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के पूरब दिशा में पुराने जीटी रोड पर स्थित रेलवे का जीटीआर ब्रिज वर्तमान में केवल दो लेन का है। यह मार्ग अब राज्य मार्ग संख्या-120 के अंतर्गत आता है। जबकि ब्रिज के दोनों ओर सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य चल रहा है और यहां सिक्स लेन सड़क प्रस्तावित है।

संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने मांग की कि भविष्य में बढ़ते यातायात और जाम की समस्या को देखते हुए जीटीआर ब्रिज को भी सिक्स लेन बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि ब्रिज का विस्तार किया जाता है तो आगामी कई वर्षों तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर को ट्रैफिक जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकेगी।

उन्होंने रेल मंत्री से शीघ्र इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *