आजमगढ़। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के बिलरियागंज नगर पालिका स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर पार्क में आयोजित राष्ट्रीय ध्वज स्थापना, पार्क सुंदरीकरण लोकार्पण एवं भव्य मुशायरा-कवि सम्मेलन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों, समाजवादी कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों तथा युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता बलराम यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। वहीं पार्क के सुंदरीकरण कार्य का लोकार्पण सांसद धर्मेंद्र यादव ने किया।
इस अवसर पर आयोजित “एक शाम विधानसभा गोपालपुर के नाम” मुशायरा एवं कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए नामचीन शायरों और कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से भाईचारे, मोहब्बत, इंसानियत और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। देर रात तक चले कार्यक्रम का श्रोताओं ने भरपूर आनंद लिया।
वक्ताओं ने कहा कि गोपालपुर विधानसभा अपनी गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे के लिए जानी जाती है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, कवियों, शायरों एवं क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया। आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
