भूमाफिया KC राय अंबेडकर नगर जेल शिफ्ट, डीएम के आदेश पर कार्रवाई

आजमगढ़। जमीन घोटाले के आरोपी और जिला कारागार में बंद भूमाफिया कृष्णचंद राय उर्फ केसी राय को गुरुवार को प्रशासनिक आधार पर आजमगढ़ जेल से अंबेडकर नगर जेल स्थानांतरित कर दिया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के आदेश पर की गई।

जानकारी के अनुसार, केसी राय पर शहर के कोड़र अजमतपुर क्षेत्र में सरकारी भूमि को अपनी बताकर बेचने का सौदा करने तथा करीब 2.87 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने मार्च माह में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

बरदह थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर फेटी गांव निवासी कृष्णचंद राय उर्फ केसी राय शहर के बदरका मोहल्ले में रह रहा था। प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं अन्य प्रशासनिक कारणों को देखते हुए उसे आजमगढ़ जिला कारागार से अंबेडकर नगर जेल स्थानांतरित किया गया।

जेल प्रशासन ने जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर गुरुवार को उसे अंबेडकर नगर जेल रवाना कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *