आजमगढ़। जनपद के थाना गम्भीरपुर क्षेत्र में दो नाबालिग सगी बहनों से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 5 जून को एक महिला ने थाना गम्भीरपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी दो नाबालिग पुत्रियों को गांव के ही मो. जाहिद उर्फ रुस्तम ने बहला-फुसलाकर अपने ट्यूबवेल के कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया तथा घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

महिला एवं बाल अपराध को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया। शुक्रवार देर रात थाना गम्भीरपुर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से अपने घर की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने जहांनिया मोड़ के पास घेराबंदी की।

पुलिस के अनुसार खुद को घिरा देख आरोपी भागने लगा और फिसलकर गिर गया। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. जाहिद उर्फ रुस्तम (45 वर्ष) निवासी बैराडीह उर्फ गम्भीरपुर थाना गम्भीरपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *