वृक्षारोपण कर कर्मचारियों ने उठाई पुरानी पेंशन बहाली की मांग
आजमगढ़, 7 जून। अटेवा आजमगढ़ के कर्मचारियों एवं ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने रविवार को तमसा तट स्थित चंद्रमा ऋषि आश्रम, मुजफ्फरपुर में जामुन एवं पीपल के पौधे लगाकर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने की मांग उठाई। कर्मचारियों ने देश के प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री से पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने का अनुरोध किया।
जिला अध्यक्ष सीपी यादव ने बताया कि अटेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं “पेंशन पुरुष” विजय कुमार बंधु की प्रेरणा से पूरे देश एवं प्रदेश में कर्मचारी वृक्षारोपण के माध्यम से पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक ओपीएस बहाल नहीं होती, तब तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
जिला मीडिया प्रभारी गुलाब चौरसिया ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात पैरामिलिट्री बलों के जवान राष्ट्र की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति दे रहे हैं। ऐसे में सरकार को उनके सहित सभी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे का सबसे बड़ा सहारा होती है।
ग्राम पंचायत अधिकारी प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक पर्यवेक्षक अभय चौहान ने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पुरानी पेंशन बहाली की मांग को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष रमेश कुमार यादव ने कहा कि शिक्षक, डॉक्टर, सिपाही, सफाईकर्मी समेत सभी कर्मचारी पुरानी पेंशन की मांग कर रहे हैं, क्योंकि यह उनके भविष्य की सुरक्षा का आधार है।
बृजेश चौहान ने कहा कि “वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ और ऑक्सीजन पाओ” के संदेश के साथ कर्मचारियों की एक ही मांग है कि सरकार पुरानी पेंशन योजना को लागू करे।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सीपी यादव, जिला मीडिया प्रभारी गुलाब चौरसिया, ब्लॉक अध्यक्ष रमेश कुमार यादव, ब्लॉक पर्यवेक्षक अभय चौहान, बृजेश चौहान, ग्राम पंचायत अधिकारी प्रवीण कुमार, शशांक, रामबचन, भगवान मौर्य, राजेश कुमार, रामसमऊज, पुनीत यादव, सभाजीत यादव, इरशाद, रियाजुद्दीन, एहसान सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।
