करतालपुर बाइपास स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल, आजमगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों ने सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।

योगाभ्यास का संचालन आर्ट ऑफ़ लिविंग के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक श्री रविंद्र कुमार जी द्वारा कराया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, पद्मासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर उन्होंने बताया कि आर्ट ऑफ़ लिविंग विश्व की अग्रणी आध्यात्मिक एवं मानवीय संस्थाओं में से एक है, जो योग, ध्यान, प्राणायाम तथा मानवीय मूल्यों के माध्यम से तनावमुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए कार्य कर रही है। संस्था द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रम लोगों को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

विद्यालय की निदेशिका श्रीमती स्वाति अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग व्यक्ति को स्वस्थ, संयमित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की ऐसी धरोहर है जो संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है।विद्यालय के प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और असंतुलित जीवनशैली के बीच योग स्वस्थ एवं सुखी जीवन का आधार बन गया है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यकारी निदेशक श्री श्रीश अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है। योग शरीर, मन और आत्मा के मध्य सामंजस्य स्थापित कर व्यक्ति को आत्मिक शांति प्रदान करता है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती दीपाली भुस्कुटे ने कहा कि योग विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच का विकास करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ योग का समावेश विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनों ने पर्यावरण को स्वच्छ रखने, अधिकाधिक पौधरोपण करने तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ शरीर के साथ-साथ स्वच्छ पर्यावरण भी मानव जीवन के लिए समान रूप से आवश्यक है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती दीपाली भुस्कुटे ने आर्ट ऑफ़ लिविंग से पधारे योग प्रशिक्षक श्री रविंद्र कुमार जी, उपस्थित अभिभावकों, अतिथियों एवं विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी के सहयोग को कार्यक्रम की सफलता का आधार बताया।

कार्यक्रम का सफल संचालन हिंदी शिक्षक श्री संतोष कुमार दुबे द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के कोऑर्डिनेटर श्री जी. के. त्रिपाठी, श्रीमती सुमन यादव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, कर्मचारी, विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *