संवाददाता | आजमगढ़

आजमगढ़ के मेंहनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां पल्हना धाम दर्शन के लिए जा रही महिला श्रद्धालु की डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। महिला के साथ बाइक पर सवार उसका भाई, भतीजी और एक वर्षीय बेटी भी घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, तहबरपुर थाना क्षेत्र के ददरा गांव निवासी निशा प्रजापति (28) अपने भाई सकलदीप प्रजापति (30), भतीजी प्रिया प्रजापति (15) और एक वर्षीय बेटी सान्वी के साथ मोटरसाइकिल से मां पल्हना धाम दर्शन के लिए जा रही थीं। पवनी कला गांव के समीप पल्हना बाजार से मेंहनगर की ओर जा रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही निशा सड़क पर गिर गई और पीछे से आ रहे डंपर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला का सिर धड़ से अलग हो गया। दुर्घटना के बाद चालक डंपर लेकर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना मिलते ही मेंहनगर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जबकि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

परिजनों के अनुसार, निशा की शादी तीन वर्ष पूर्व मिर्जापुर निवासी सुनील प्रजापति से हुई थी। वह करीब 20 दिन पहले मायके आई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। भाई सकलदीप और भतीजी प्रिया का रो-रोकर बुरा हाल था।

थाना प्रभारी निहार नंदन कुमार ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और चालक को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *