जनपद बलिया में आज दिनांक-08/07/2026 को बिजली विभाग के अभियंताओं द्वारा अभियंता संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आजमगढ़, मऊ एवं बलिया के अभियंता संघ के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बैठक में विद्युत वितरण व्यवस्था से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं फील्ड स्तर के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित अभियंताओं ने वर्तमान कार्य परिस्थितियों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों, मैनपावर की कमी तथा लगातार बढ़ते प्रशासनिक दबाव के बीच गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखना दिन-प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है।
बैठक की अध्यक्षता अभियंता संघ, आजमगढ़ ज़ोन के क्षेत्रीय सचिव श्री उपेन्द्र चौरसिया ने की, जबकि संचालन श्री शुभम मौर्य द्वारा किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भीषण गर्मी एवं बढ़ते विद्युत भार के बावजूद फील्ड में एबी केबल,ट्रांसफार्मर सामग्री तथा अन्य आवश्यक अनुरक्षण सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। संसाधनों के अभाव में विद्युत दोषों का समय से निस्तारण नहीं हो पाता, जिसके कारण उपभोक्ताओं का आक्रोश फील्ड में कार्यरत अभियंताओं एवं कर्मचारियों को झेलना पड़ता है। कई बार उन्हें अभद्र व्यवहार एवं अनावश्यक मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ता है।
बैठक में यह भी कहा गया कि विभाग में कार्यदायी संस्थाओं एवं कुछ ठेकेदारों द्वारा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य न किए जाने के बावजूद उनके विरुद्ध अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जाती, जबकि उसका पूरा दबाव फील्ड अभियंताओं पर डाला जाता है। अभियंता संघ ने मांग की कि संबंधित एजेंसियों एवं ठेकेदारों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
अभियंताओं ने यह भी कहा कि कई अवसरों पर अधिशासी अभियंताओं पर अपने अधीनस्थ सहायक अभियंताओं एवं कनिष्ठ अभियंताओं के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति करने का अनावश्यक दबाव बनाया जाता है। संगठन का मानना है कि इससे विभागीय समन्वय एवं स्वस्थ कार्य संस्कृति प्रभावित हो रही है।
बैठक में असमय एवं बार-बार किए जा रहे स्थानांतरणों पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। अभियंताओं का कहना था कि स्पष्ट एवं पारदर्शी स्थानांतरण नीति के अभाव में छोटी-छोटी शिकायतों के आधार पर प्रशासनिक कार्रवाई एवं स्थानांतरण किए जा रहे हैं, जिससे कार्यक्षमता एवं मनोबल दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
अभियंता संघ ने यह भी कहा कि कार्यालय समय के अतिरिक्त देर शाम तथा अवकाश के दिनों में लगातार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की जाती हैं। इससे फील्ड कार्य प्रभावित होता है तथा अभियंताओं के कार्य-जीवन संतुलन एवं मानसिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
बैठक में उपभोक्ताओं की संख्या के अनुरूप पर्याप्त तकनीकी एवं फील्ड मैनपावर उपलब्ध न होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। अभियंताओं का कहना था कि सीमित स्टाफ एवं संसाधनों के बावजूद लगातार बढ़ते कार्यभार का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन प्रभावित हो रहा है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि उपर्युक्त समस्याओं के समाधान हेतु मुख्य अभियंता, आजमगढ़ ज़ोन द्वारा शीघ्र प्रभावी एवं सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो अभियंता संघ चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन प्रारंभ करने के लिए बाध्य होगा।बैठक में आजमगढ़, मऊ एवं बलिया के अभियंता संघ के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रमुख रूप से श्री उपेन्द्र चौरसिया, श्री शुभम मौर्य, श्री विक्रम वीर सिंह, श्री अजय सरोज, श्री रंजीत यादव, श्री कृष्णा यादव, श्री महेश गुप्ता, श्री सत्य कुमार, श्री बृजेश कुमार राव, श्री अमर यादव एवं श्री विवेक कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में बिजली विभाग के अभियंता उपस्थित रहे।
जारीकर्ता
अभियंता संघ, आज़मगढ़ क्षेत्र
