आजमगढ़, 6 अगस्त।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आगामी 8 अगस्त को प्रयागराज में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी के संबोधन में आयोजित होने वाले “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, आजमगढ़ में जिला कांग्रेस अध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण तैयारी बैठक संपन्न हुई।

बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, छात्रों की भागीदारी, यात्रा व्यवस्था एवं संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ के नेतृत्व में आजमगढ़ से सैकड़ों छात्र, युवा एवं कांग्रेस कार्यकर्ता प्रयागराज पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने कहा कि “देश का युवा और छात्र वर्ग आज अपने अधिकारों, शिक्षा, रोजगार और बेहतर भविष्य की लड़ाई लड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाती रही है। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम युवाओं की आकांक्षाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा। आजमगढ़ से बड़ी संख्या में छात्र और कांग्रेसजन प्रयागराज पहुंचकर नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।”

बैठक के उपरांत जिला कांग्रेस कार्यालय में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विकास पुरुष स्वर्गीय कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके जनसेवा, विकास कार्यों और राजनीतिक योगदान को स्मरण किया गया।

इसके पश्चात आज़मगढ़ जनपद के संगठन सृजन अभियान के समन्वयक एवं बस्ती कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष श्री ज्ञानेंद्र पांडेय जी के इकलौते पुत्र के असामयिक निधन पर शोकसभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई।

इसी क्रम में जिला कांग्रेस कार्यालय के पूर्व कार्यालय सहायक स्वर्गीय सुधाकर राम के निधन पर भी शोकसभा आयोजित कर उनके संगठन के प्रति समर्पण एवं सेवाओं को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

बैठक में रियाजुल हसन , राजाराम यादव , राहुल राय , मुन्नू यादव , पूर्णमासी प्रजापति , चंद्रपाल सिंह यादव , बेलाल बेग , मो. आमिर , संतोष सिंह , राम अवध प्रेमी , श्यामदेव यादव , केदार मौर्य , गोपाल कृष्ण राय , ओम प्रकाश यादव , शीला भारती , प्रेमा चौहान , जगदंबिका चतुर्वेदी , हरिओम उपाध्याय , ओम प्रकाश सरोज , प्रदीप यादव , मंतराज यादव , मो. अजमल, बृजेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *