आजमगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश में चल रहे संगठन सृजन अभियान के तहत आजमगढ़ में ब्लॉक स्तरीय बैठकों के माध्यम से संगठन को मजबूत करने का प्रयास लगातार जारी है। अभियान के तहत कर्नाटक सरकार के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री एवं पर्यवेक्षक शकीर सनादि, उत्तर प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद पांडे, उत्तर प्रदेश शिक्षक कांग्रेस के अध्यक्ष अमित राय तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में आब्जर्वर के रूप में कार्य कर रहे बृजेश सिंह गाट के निर्देशन में संगठनात्मक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता आशुतोष द्विवेदी ने जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर आवेदन पत्र भरा और निजामाबाद विधानसभा की बैठक में पर्यवेक्षक को अपना नामांकन सौंपा।
नामांकन के दौरान आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता की राय और सहभागिता के आधार पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी जिस कार्यकर्ता को सौंपी जाएगी, उसके साथ सभी लोग कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक परिवार है। अध्यक्ष पद के लिए आवेदन करने वाले किसी भी कार्यकर्ता के बीच न तो कोई मतभेद है और न ही मनभेद। यह पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया है, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ता उत्सव के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।
