कोटेदारों की समस्याओं को लेकर एकजुट होकर कार्य करने का दिया भरोसा

महराजगंज। विकास खंड महराजगंज में कोटेदार संघ के अध्यक्ष पद पर संदीप सिंह को सर्वसम्मति से चुना गया। अध्यक्ष चुने जाने के बाद विकास खंड क्षेत्र के कोटेदारों ने उनका स्वागत करते हुए बधाई दी और संगठन को मजबूत बनाने के लिए उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का भरोसा जताया। अध्यक्ष के चयन के अवसर पर विकास खंड के सभी कोटेदार मौजूद रहे।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष संदीप सिंह ने कहा कि कोटेदार संघ के सभी सदस्यों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। वह सभी कोटेदार भाइयों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। किसी भी कोटेदार के सामने किसी तरह की समस्या आती है तो उसके समाधान के लिए संगठन के स्तर से हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन के किसी भी सदस्य के सुख-दुख में वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।

संदीप सिंह ने कहा कि कोटेदारों को कई बार विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है और कई मामलों में उन्हें अपने हितों को लेकर आवाज उठानी पड़ती है। ऐसी परिस्थितियों में सभी कोटेदारों को एकजुट होकर अपनी बात रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कोटेदार भाइयों के साथ यदि किसी प्रकार का अन्याय होता है तो संघ उनके साथ खड़ा रहेगा और उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।

उन्होंने सभी कोटेदारों से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन की एकता बनाए रखने की अपील की। कहा कि एकजुटता के माध्यम से ही कोटेदारों की समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान कराया जा सकता है। अध्यक्ष चुने जाने पर उपस्थित कोटेदारों ने संदीप सिंह को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग का भरोसा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *