आजमगढ़, 01 अक्टूबर 2026।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के यूनियन सुपर सैलरी अकाउंट के माध्यम से खाताधारक एवं सफाई कर्मचारी स्वर्गीय श्री धर्मेन्द्र पुत्र स्वर्गीय हरगुन के आकस्मिक निधन के पश्चात उनकी पत्नी एवं नामित लाभार्थी श्रीमती राधिका जी को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया क्षेत्रीय कार्यालय आजमगढ़ उत्तर परिसर में दुर्घटना बीमा दावा राशि ₹40.00 लाख का चेक आजमगढ़ के जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जोनल हेड श्री टी. कामेश्वर राव, श्री मनीष कुमार, श्री इश्तियाक अरशद, श्री सैयद जवाहर, श्री अभिषेक कुमार द्विवेदी, श्री संदीप कुमार सिंह, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस सामाजिक सुरक्षा एवं बीमा सुविधा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास आमजन और विशेष रूप से कर्मचारियों के परिवारों को आकस्मिक परिस्थितियों में महत्वपूर्ण आर्थिक सुरक्षा प्रदान करते हैं। उन्होंने बैंक को सलाह दी कि जनपद के अधिक से अधिक पात्र कर्मचारियों एवं नागरिकों को सैलरी अकाउंट तथा इससे जुड़ी बीमा एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाए, ताकि इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने कहा कि बैंक अपने ग्राहकों को वित्तीय सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक एवं वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
