संविधान, लोकतंत्र और वोट बचाने को कांग्रेस ने चलाया जनसंपर्क अभियान
मुगलसराय। मुगलसराय शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर रविवार को “संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ” अभियान के तहत जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मवई भाग-1, मवई भाग-2 एवं परशुरामपुर वार्ड में गली-गली डोर-टू-डोर संपर्क कर लोगों से संवाद किया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और भाजपा सरकार तथा चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कथित “वोट चोरी” के मुद्दे को जनता के बीच उठाया। कांग्रेस नेताओं ने लोगों से महंगाई, बेरोजगारी, अपराध, भ्रष्टाचार और अन्य जनसमस्याओं को लेकर चर्चा की।
इसके बाद एक मैरिज लॉन में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर जनता के बीच सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी, अपराध और भ्रष्टाचार से परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक जनादेश और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष दयाराम पटेल ने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार गरीबों की समस्याओं से दूर होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की नीतियां कुछ बड़े उद्योगपतियों के हितों से प्रभावित हो रही हैं तथा वोटों के ध्रुवीकरण के लिए एक विशेष वर्ग को निशाना बनाया जा रहा है।
अल्पसंख्यक कांग्रेस के उपाध्यक्ष शाहिद तौसीफ ने कहा कि देश में नफरत का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
कार्यक्रम में बृजेश गुप्ता, दयाराम पटेल, शाहिद तौसीफ, तारिक अब्बास, विजय गुप्ता, इम्तियाज अहमद, मुन्नी सिंह पटेल, इमरान आलम, संजय जायसवाल, साबिर राईन, तौहीद आलम, खुर्शीद जालम, देवेश महाराज, रमेश पांडेय, गुलाम रसूल, इश्तियाक अहमद, खालिद राजा, गुलाम हुसैन, मोहम्मद अयूब, मोहम्मद आलम, अरमान, इरफान, मोहम्मद ताहा, अमरनाथ राम, तनवीर अहमद, अली अहमद, माइकल खान, मोहम्मद आमिर, आदिल, आबिद, मु. शमीम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर कांग्रेस अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने की, जबकि संचालन तारिक अब्बास ने किया। 
