आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के अन्नतपुरा-गुरुटोला मोहल्ले में सोमवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान जर्जर दीवार अचानक धराशायी हो गई। हादसे में सभासद मोहम्मद अफजल की 6 वर्षीय बेटी अलीना की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा घायल बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय अलीना समेत कुछ बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। करीब 3:40 बजे तेज हवा और बारिश शुरू हुई। इसी दौरान सभासद के घर के सामने स्थित जर्जर दीवार अचानक गिर गई और अलीना उसकी चपेट में आ गई।
गंभीर हालत में परिजन बच्ची को तत्काल चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल एक अन्य बच्चे का भी उपचार कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। वहीं घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दीवार गिरने की घटना कैद बताई जा रही है।
बच्ची की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
