आजमगढ़। वोट चोरी के गंभीर आरोपों, चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और लोकतंत्र की रक्षा के मुद्दे को लेकर INDIA गठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता जिला कांग्रेस कार्यालय, आजमगढ़ में आयोजित हुई। प्रेस वार्ता को जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने संबोधित किया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। वोट की चोरी सीधे-सीधे जनता के अधिकार और लोकतंत्र पर हमला है। चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता पर यदि गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। जब चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाता सूची को लेकर देश के सामने गंभीर सवाल खड़े हों, तब संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की जवाबदेही तय होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक पूरी ताकत के साथ लड़ेगी और देश के लोकतंत्र तथा जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए पीछे नहीं हटेगी।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता लोकतंत्र की बुनियाद है। जनता के बीच उठ रहे सवालों का स्पष्ट और संतोषजनक जवाब मिलना चाहिए तथा मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक संदेह की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यह लड़ाई किसी व्यक्ति या दल के खिलाफ नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र को बचाने और हर मतदाता के वोट की रक्षा करने की लड़ाई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन जनता की आवाज को दबने नहीं देंगे। जब तक वोट की सुरक्षा, चुनावी पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता सुनिश्चित नहीं होती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। इसी क्रम में वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी द्वारा 08 अक्टूबर को आजमगढ़ में जोरदार विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में रियाजुल हसन, राहुल राय, चंद्रपाल सिंह यादव, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, अंसार अहमद, अजीत राय, शीला भारती, प्रेमा चौहान, प्रदीप यादव, बृजेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

*जिला कांग्रेस कमेटी, आजमगढ़*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *