आजमगढ़। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत जिला महिला चिकित्सालय, आजमगढ़ में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले छह सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए शासन से जल्द समाधान की मांग की।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में समान कार्य के लिए समान वेतन, NHM में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के समायोजन अथवा प्रस्तावित आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से नियोजन कर निगम के लाभ उपलब्ध कराने, तथा सभी आउटसोर्स कार्मिकों को EPF, ESI, ग्रेच्युटी और स्वास्थ्य बीमा सहित सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की मांग शामिल रही।
इसके साथ ही कर्मचारियों ने NHM आउटसोर्स कार्मिकों के कार्य अनुभव का प्रत्येक वर्ष मूल्यांकन किए जाने, अनुकम्पा नियुक्ति का अधिकार तथा कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि उनका संघर्ष अधिकार मिलने तक जारी रहेगा। कर्मचारियों ने “NHM आउटसोर्सिंग कर्मचारी एकता जिंदाबाद” और “हम सबका साथ, हमारा संघर्ष, हमारा अधिकार” जैसे नारे भी लगाए।
धरने में राजेश कुमार, सीमा यादव, कनकलता, वैशाली, अब्बास, मनोज, अनिल, पल्लवी, दीपशिखा, पुष्पा, दीपिका, अतुल, ऋषभ, सर्वेश, सतेंद्र सहित बड़ी संख्या में आउटसोर्सिंग कर्मचारी मौजूद रहे।
