आजमगढ़। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी की ओर से कलेक्ट्री कचहरी, नगर पालिका रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर लोजपा संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की छठवीं पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष एवं संयोजक शिवमोहन शिल्पकार ने रामविलास पासवान के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान शिवमोहन शिल्पकार ने कहा कि रामविलास पासवान ने गरीबों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि पासवान के विचारों और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रामविलास पासवान के विचारों एवं नीतियों पर चलने तथा संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर पार्टी प्रत्याशी उतारकर संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बालचंद जैसवारा ने की, जबकि संचालन जिला प्रभारी लालगंज उमेश सोनकर ने किया। इस अवसर पर पूर्वांचल जन मोर्चा के पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *