रिपोर्टर अनिल कुमार
जौनपुर। जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोचन भवनापुर पुलिया के पास वाराणसी से अयोध्या जा रही बस के पलटने से 14 यात्री घायल हो गए। हादसे में घायल यात्रियों को पुलिस व एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, इसमें गंभीर रूप से पांच दर्शनार्थियों को बीएचयू रेफर कर दिया गया। सभी दर्शनार्थी मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के रहने वाले हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक डा. अजयपाल शर्मा ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर तबीयत जानी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी से दर्शनार्थियों से भरी टूरिस्ट बस वाराणसी से जौनपुर की तरफ जा रही थी। वाराणसी में दर्शन करने के बाद भवनाथपुर पुलिया के पास त्रिलोचन हाईवे पर अनियंत्रित होकर बस पलट गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। यात्रियों का बिलखना सुनकर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों की मदद से राहत व बचाव कार्य में जुट गई।
