आजमगढ़ कोतवाली क्षेत्र के कटरा त्रिमुहानी पर एक बंदर बाहुबली बन गया। गुरुवार की सुबह बंदर विद्युत पोल पर चढ़ कर पोल को जोर-जोर से हिलाने लगा। तभी पोल जड़ से टूटकर गिर गया। एक पोल गिरते ही उसके साथ एक पोल और गिर गया। जबकि अन्य कुछ पोल बिजली तारों की वजह से टीका रहा। संयोग कि बात थी की उस दौरान बिजली कटी थी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों का आरोप है कि कई बार बिजली विभाग के लोगों से जर्जर पोल को बदलने के लिए शिकायत की गई। लेकिन बिजली विभाग के लोग लापरवाह बने रहे। शायद बिजली विभाग के उच्च अधिकारी किसी बड़े हादसे के इंतजार में बैठे हुए हैं। जिसका परिणाम रहा कि आज बंदर के पोल हिलाने भर से यह घटना हुई। लोगों ने बताया कि यदि बिजली आपूर्ति चालू होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। क्योंकि सुबह सात बजे के आस-पास कटरा त्रिमुहानी पर लोग चाय पीने आते हैं, इसके अलावा उस मार्ग पर कई स्कूल हैं, साथ ही जहां पोल गिरा है वहां भी एक स्कूल है। उधर बिजली का पोल गिरने के बाद काफी देर तक लाइन मैन आदि मौके पर तो पहुंच गए थे, लेकिन जेई का कहीं अता-पता नहीं था। शहर में अधिकतर स्थानों पर ऐसे विद्युत पोल मौजूद हैं जो नीचे से काफी जर्जर हैं। ऐसे जर्जर विद्युत पोल किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे सकते हैं। बिजली विभाग के इस लापरवाह रवैये से लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
