संवाददाता सरफुद्दीन आजमीं 
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव चौराहे पर शुक्रवार की सुबह रोडवेज बस की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेजवा दिया। हादसे में बाइक सवार दो अन्य को भी मामूली चोट आयी है।
देवगांव कोतवाली के पल्हना रायपुर गांव निवासी शुभम शुक्रवार की सुबह अपनी बड़ी मां महारानी देवी 40 व चाची गीता देवी 35 को बाइक पर बैठा कर मऊ जिले के मोहम्मदाबाद किसी मरीज को देखने के लिए जा रहा था। अभी वह सठियांव चौराहे पर ही पहुंचा था कि पीछे से जा रहे रोडवेज बस बाइक में धक्का मार दिया। जिससे शुभम बाइक लेकर सड़क पर गिर पड़ा और बाइक पर बैठी उसकी बड़ी मां महारानी देवी व चाची गीता देवी बस की चपेट में आ गई। महारानी देवी तो पहिए के नीचे आ गई थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गीता देवी को भी चोट आई है। बाइक समेत गिर जाने से शुभम भी चोटिल हुआ है। सूचना पर पहुंची मुबारकपुर थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा वहीं मृतका के शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेजवा दिया। मृतका एक पुत्र की मां थी। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना करने वाली रोडवेज बस को पुलिस ने मोहम्मदाबाद में पकड़ लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *