कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वांचल ज़ोन प्रभारी अभिषेक दत्त का आजमगढ़ दौरा, संगठन की मजबूती पर कांग्रेसजनों से किया संवाद
आजमगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वांचल ज़ोन के प्रभारी अभिषेक दत्त शनिवार को आजमगढ़ पहुंचे। उनके आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कांग्रेसजनों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने आजमगढ़ प्रवास के दौरान उन्होंने जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों, पूर्व सांसद एवं विधायकों, लोकसभा एवं विधानसभा के पूर्व प्रत्याशियों, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों, फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ कांग्रेसजनों के साथ बैठक कर संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कांग्रेस के जनाधार को विस्तार देने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय एवं जिम्मेदार भूमिका देने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। कांग्रेसजनों ने अपने-अपने क्षेत्रों की संगठनात्मक स्थिति एवं जनसमस्याओं से भी राष्ट्रीय सचिव को अवगत कराया।
इस अवसर पर अभिषेक दत्त ने कहा कि पूर्वांचल कांग्रेस के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है और यहां संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। कांग्रेस का सबसे बड़ा आधार उसका कार्यकर्ता है। इसलिए बूथ से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद और समन्वय स्थापित कर संगठन को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी और लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय तथा जनहित की आवाज को मजबूती से उठाएगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने कहा कि राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वांचल ज़ोन प्रभारी अभिषेक दत्त का आजमगढ़ आगमन संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उनके मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। जिला कांग्रेस कमेटी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका देने तथा जनता के बीच कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी कांग्रेसजन एकजुट होकर कार्य करेंगे।
बैठक में रियाजुल हसन, राजाराम यादव, राहुल राय, गिरीश चतुर्वेदी, चंद्रपाल सिंह यादव, अंसार अहमद, बेलाल बेग, मुन्नू यादव , अजीत राय, दिनेश यादव, शीला भारती, सीमा भारती, संतोष सिंह, भाजी राम यादव, यदुनाथ सिंह, राम अवध प्रेमी , शिवमंगल सिंह, ओम प्रकाश सरोज, केदार मौर्य, हरेंद्र सिंह, प्रमोद यादव, मो. अजमल, जानी सर अख्तर, ओम प्रकाश यादव, जावेद मंदे , नजम शमीम , शाहिद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
बैठक में कांग्रेस संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों, बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस के संघर्ष को और तेज करने पर भी चर्चा हुई।
राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वांचल ज़ोन प्रभारी अभिषेक दत्त ने सभी कांग्रेसजनों से आपसी एकजुटता एवं समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने का आह्वान किया।
