वाराणसी। भगवान शिव की नगरी काशी में मंगलवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर हनुमत प्रभु के जयकारे गूंजे। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में चारों तरफ हनुमान जी के जन्मोत्सव की धूम रही। मंगलवार को घर से लेकर हनुमान मंदिरों तक प्रभु की पूजन- अर्चन और महिमा गण होती रही। विभिन्न इलाकों से निकली शोभायात्राएं और प्रभात फेरिया संकट मोचन मंदिर पहुंचीं, जहां पर भक्तों ने ध्वजा अर्पण कर हनुमान चालीसा का पाठ किया। वहीं पूर्वांचल के सबसे बड़े 60 फीट के रथ पर 25 इंच की श्री रामलला की झांकी सजाई गई, तो 11000 ध्वज लहराए गए। 251 डमरू के निनाद और जय श्री राम, जय हनुमान के जयकारे से पुरा वातावरण गूंजता रहा। 1001 किलोग्राम लड्डूओं का भोग लगाया गया। हनुमान ध्वजयात्रा भिखारीपुर से जैसे ही आगे बढ़ी, रास्ते में जगह- जगह भक्तों ने यात्रा का फूल बरसाकर स्वागत किया। नेवादा, सुंदरपुर, नारियां, लंका, रविदास गेट, संकटमोचन तिराहे पर विभिन्न संस्थाओं, समितियों एवं व्यापारियों द्वारा स्वागत किया गया।
रिपोर्टर अनिल कुमार
