आजमगढ़, 10 अक्टूबर 2025 (शुक्रवार)।
करवा चौथ के पर्व को ध्यान में रखते हुए आजमगढ़ जनपद में स्वच्छ भारत मिशन के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देशानुसार विकासखंड के सभी ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मियों द्वारा गांवों को स्वच्छ बनाने के लिए व्यापक अभियान संचालित किया गया।
जिलाधिकारी आवास के पीछे स्थित काशीराम आवास परिसर में ग्रामीण सफाई कर्मचारी झाड़ू लगाते, कचरा हटाते और दवा का छिड़काव करते हुए नजर आए।
इस दौरान सफाई कर्मचारी गुलाब चौरसिया ने बताया कि शासन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस समय डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है, इसलिए स्वच्छता के प्रति सतर्क रहना जरूरी है।
गुलाब चौरसिया ने कहा, “हम लोगों को जागरूक कर रहे हैं कि स्वच्छता ही सुरक्षा है। एक कदम स्वच्छता की ओर बढ़ाकर हम बीमारियों से बच सकते हैं।”
स्वच्छता अभियान में अभय चौहान, मनोरमा, अजय सहित अन्य सफाई कर्मचारी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
इस अवसर पर समस्त जनपदवासी माताओं और बहनों को करवा चौथ की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
