दीपावली के शुभ अवसर पर आजमगढ़ जनपद में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं में कार्यरत कर्मियों को मिठाई बांटी गई तथा उन्हें अग्रिम दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक सुमित प्रताप सिंह, कार्यक्रम प्रबंधक शिव प्रकाश सिंह, जिला प्रभारी अजय राय, वरुण यादव, वीरेंद्र यादव और अमन सिंह उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से एंबुलेंस कर्मियों को मिठाई वितरित की और उनके समर्पण की सराहना की।

क्षेत्रीय प्रबंधक सुमित प्रताप सिंह ने कहा कि दीपावली के दौरान सभी कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है, क्योंकि इस पर्व में पटाखों आदि के उपयोग से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी एंबुलेंस कर्मी ड्यूटी के दौरान पूरी तत्परता से कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति में आम जनमानस को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएं।

आजमगढ़ जनपद में वर्तमान में कुल 103 एंबुलेंस सेवाएं संचालित हैं, जिनमें 52 एंबुलेंस 102 सेवा की हैं तथा 51 एंबुलेंस 108 सेवा के अंतर्गत आती हैं। ये सभी एंबुलेंस 24 घंटे, सातों दिन नागरिकों की सेवा में तत्पर रहती हैं।

इन सेवाओं का लाभ किसी भी मोबाइल नंबर से 102 या 108 डायल करके लिया जा सकता है। इसके लिए मोबाइल में बैलेंस की कोई आवश्यकता नहीं होती है, तथा यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *