आज़मगढ़। मुबारकपुर स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल (सीबीएसई से संबद्ध 10+2) में विद्यालय का स्थापना दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

समारोह के मुख्य अतिथि माननीय श्री विवेक जी,IAS,आयुक्त, आज़मगढ़ मंडल रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय श्री सुनील कुमार सिंह जी, आई.पी.एस., पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी), आज़मगढ़ मंडल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यालय की निदेशक व प्रधानाचार्य रेखा सिंह तथा सीपीएस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के संस्थापक अयाज अहमद खान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि श्री विवेक जी ने अपने संबोधन में कहा कि सेंट्रल पब्लिक स्कूल शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, अनुशासन एवं संस्कारों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत व ईमानदारी से आगे बढ़ने का संदेश दिया।

विशिष्ट अतिथि श्री सुनील कुमार सिंह जी ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन और कानून के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही कल का सशक्त राष्ट्र निर्माण करेंगे।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। नृत्य, गीत, नाटक एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों व आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *