डीडीयू नगर में 241वां सालाना उर्स अकीदत के साथ सम्पन्न
डीडीयू नगर, चंदौली। स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 1/2 स्थित हजरत सैयद लाइन शहीद बाबा का 241वां सालाना उर्स मंगलवार को श्रद्धा एवं अकीदत के साथ सम्पन्न हुआ। प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के अनुरूप इस वर्ष भी उर्स के दौरान ढोल-नगाड़ा, बाजा एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग नहीं किया गया तथा किसी प्रकार का मेला नहीं लगाया गया।
मजार के सेक्रेटरी मास्टर समिउल्लाह ने जायरीन एवं श्रद्धालुओं से अपील की थी कि वे शांतिपूर्वक दरगाह पर पहुंचकर जियारत व फातिहा करें। उर्स के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दरगाह पर हाजिरी लगाई और मुल्क में अमन-चैन, तरक्की एवं खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं।
दरगाह के खादिम ने बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी उर्स प्रशासन की निगरानी में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था के लिए दिल से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
निर्धारित समय के अनुसार रात्रि 9 बजे से 10 बजे तक जियारत के बाद मजार को बंद कर दिया गया। पूरे आयोजन के दौरान सौहार्द, भाईचारे और धार्मिक आस्था का माहौल बना रहा।

