आजमगढ़। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत जनपद में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र के निर्देश पर विकासखंडों की सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को साफ-सफाई और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इसी क्रम में मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को विकासखंड पल्हनी के राजस्व ग्राम चकगोरया में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सुनील कुमार मिश्रा के निर्देश तथा ग्राम प्रधान की देखरेख में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नालियों की सफाई, झाड़ू लगाकर सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई तथा दवा का छिड़काव किया गया, जिससे संचारी रोगों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।

अभियान के दौरान जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया ने कहा कि “स्वच्छता ही जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। यदि आप अपनी किस्मत स्वयं नहीं लिखेंगे, तो परिस्थितियां आपका भविष्य तय करेंगी।” उन्होंने ग्रामीणों से अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और संचारी रोगों से बचाव के लिए जागरूक रहने की अपील की।

इस अवसर पर गुलाब चौरसिया, अभय चौहान सहित ग्रामीण सफाई कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रशासन ने बताया कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में इसी प्रकार विशेष स्वच्छता अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *