मुबारकपुर (आजमगढ़)। नगर पालिका परिषद मुबारकपुर में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर सरकारी अभिलेखों में उपयोग कराने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आउटसोर्स कर्मचारी खुर्शीद पुत्र जफर अहमद निवासी पूरारानी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने चंद पैसों के लालच में फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर लगाकर कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र तैयार किया था।

पुलिस के मुताबिक, नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के जन्म/मृत्यु प्रभारी रणविजय सिंह की शिकायत पर जांच कराई गई, जिसमें मोहम्मद सैफ के नाम से जारी जन्म प्रमाण पत्र पूरी तरह फर्जी पाया गया। जांच में सामने आया कि प्रमाण पत्र नगर पालिका द्वारा जारी नहीं किया गया था, बल्कि उसमें कर्मचारी पूर्णमासी प्रसाद और अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मिश्रा के फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर लगाए गए थे।

विवेचना के दौरान पता चला कि सऊदी अरब में रह रहे मोहम्मद नईम ने अपने पुत्र का राशन कार्ड और आधार कार्ड बनवाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र की व्यवस्था करने को कहा था। इसके बाद उसके भतीजे ने नगर पालिका के आउटसोर्स कर्मचारी खुर्शीद से संपर्क किया। आरोप है कि खुर्शीद ने आवश्यक दस्तावेज और रुपये लेकर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर उपलब्ध कराया।

पुलिस के अनुसार वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों से भी यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने स्वयं फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रोडवेज तिराहा, मुबारकपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पैसे के लालच में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाया था। उसके खिलाफ थाना मुबारकपुर में मु0अ0सं0 258/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी कस्बा मुबारकपुर उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा, कांस्टेबल हरेन्द्र सिंह तथा कुलदीप सरोज शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *