मुगलसराय पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, मृतक बलदेव यादव के परिजनों से की मुलाकात; ₹1 करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग
डीडीयू नगर/चंदौली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय सोमवार को मुगलसराय पहुंचे। उन्होंने काली माता मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान हुए हादसे में जान गंवाने वाले बलदेव यादव (झींगुरी) के डाड़ी स्थित आवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय बलदेव यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अजय राय ने घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए कहा कि बलदेव यादव की मौत एक गंभीर चूक का नतीजा है। उन्होंने सरकार द्वारा घोषित मुआवजा राशि को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को ₹1 करोड़ का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा पूरे मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर धार्मिक स्थलों और गरीबों के आशियानों को निशाना बनाया जा रहा है। अजय राय ने कहा कि पड़ाव चौराहे से गोधना मोड़ तक लगभग 23 मंदिरों सहित कई धार्मिक स्थलों को ध्वस्त किया गया, जिनमें करीब 200 वर्ष पुराना काली माता मंदिर भी शामिल है। उनके अनुसार, इस मंदिर से क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई थी और इसके ध्वस्तीकरण से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कानून-व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, खाद की कालाबाजारी और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
अजय राय ने मृतक के भाइयों, पत्नी विमली देवी और पुत्र गोविंद यादव से मुलाकात कर आश्वासन दिया कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी, शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, आनंद शुक्ला, हीरालाल शर्मा, धर्मेंद्र तिवारी, दयाराम पटेल, रामजी गुप्ता, शाहिद तौसीफ, डॉ. सुल्तान खान, माधवेंद्र मूर्ति, राकेश पाठक, राजकिशोर सिंह, राममूरत गुप्ता, नवीन पांडेय, संतोष तिवारी, रामानंद यादव, सैयद अब्बास, असद इकबाल, दिनेश चंद्र, प्रेमचंद गुप्ता, कन्हैया मोदनवाल, रामाश्रय रावत, रमेश पांडे, संतोष चौबे, प्रदीप जायसवाल, प्रदीप मिश्रा, अनवर अहमद, डॉ. इम्तियाज अंसारी, गब्बर हाशमी, टीपू सुल्तान, सलीम भाई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : AKC 18 LIVE NEWS | डीडीयू नगर ब्यूरो
#AjayRai #Congress #Mughalsarai #Chandauli #BaldevYadav #KaliMandir #RoadWidening #Compensation #BreakingNews #AKC18LiveNews
