आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा सीट पर भाजपा द्वारा सपा के गढ़ को ध्वस्त करने की तैयारी, प्रमुख समाजसेवी दीपक राय ने मां शीतला धाम, दुर्वासा व दत्तात्रेय में दर्शन कर भाजपा से पेश की मजबूत दावेदारी,और क्षेत्र के विकास को लेकर दिया बड़ा बयान

आजमगढ़। निजामाबाद विधानसभा सीट पर 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ सियासी तापमान बढ़ने लगा है। समाजवादी पार्टी के मजबूत आधार वाली इस सीट पर मौजूदा राजनीतिक समीकरण अब पहले जैसे नहीं रह गए हैं। विधायक आलम बदी के निधन के बाद सपा को जहां नए चेहरे की तलाश करनी होगी, वहीं भाजपा भी इस बार मजबूत रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी में दिखाई दे रही है। इसी क्रम में दीपक राय का नाम संभावित भाजपा दावेदार के रूप में तेजी से चर्चा में आया है।

निजामाबाद लंबे समय से समाजवादी पार्टी का प्रभाव वाला क्षेत्र माना जाता रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव में आलम बदी ने सपा के टिकट पर जीत हासिल की थी। ऐसे में उनके न रहने के बाद पार्टी के सामने न केवल प्रत्याशी चयन की चुनौती होगी, बल्कि पुराने जनाधार को नए नेतृत्व के साथ बनाए रखने की भी बड़ी परीक्षा होगी। यही परिस्थितियां भाजपा के लिए इस सीट पर अपनी जमीन मजबूत करने का अवसर पैदा करती हैं।

भाजपा की ओर से संभावित दावेदार के रूप में चर्चा में आए दीपक राय ने हाल के दिनों में निजामाबाद क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ाई है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले शीतला माता धाम, दुर्वासा धाम और दत्तात्रेय धाम में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया और चुनाव में टिकट की दावेदारी का आगाज किया। आज के इस दर्शन पूजन को लेकर इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर उन्होंने एक तरफ क्षेत्र की आस्था से जुड़ने का संदेश दिया, तो दूसरी ओर अपनी चुनावी सक्रियता का संकेत भी दिया।

मीडिया से बातचीत में दीपक राय ने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने निजामाबाद-लाहिड़ीह मार्ग और निजामाबाद-भदुली मार्ग की जर्जर स्थिति को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि इन सड़कों की समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है जल्द ही इसकी शुरुआत होगी।

इसके बाद पार्टी नेतृत्व के निर्देश और क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को गति देने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *