आजमगढ़। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष धर्मवीर भारती ने डॉ. आंबेडकर पार्क, कलेक्ट्रेट आजमगढ़ की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पार्क के अंदर बनी कार पार्किंग हटाने, बाबा साहब डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा के ऊपर लगी खराब लाइट और कैमरे को तत्काल दुरुस्त कराने, जलभराव की समस्या के लिए उचित जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा पार्क और प्रतिमा की सुरक्षा के लिए गार्ड की नियुक्ति की मांग की गई।
धर्मवीर भारती ने कहा कि डॉ. आंबेडकर पार्क और बाबा साहब की प्रतिमा बहुजन समाज की आस्था से जुड़ी है, इसलिए पार्क की साफ-सफाई, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।
