आजमगढ़। सड़क दुर्घटना में घायल 17 वर्षीय किशोर को 108 एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता और गुणवत्तापूर्ण प्री-हॉस्पिटल केयर से समय पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। एंबुलेंस कर्मियों ने घायल को सुरक्षित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), तहबरपुर पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना तहबरपुर क्षेत्र के नयापुरा गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के समीप सड़क दुर्घटना में सुमित कुमार (17) घायल हो गए। बताया गया कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन से बचने के लिए दोपहिया वाहन चालक ने किनारे होने का प्रयास किया, इसी दौरान चार पहिया वाहन ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस संख्या UP32EG4646 के ईएमटी रिशु शर्मा और पायलट पवन कुमार तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में घायल के बाएं पैर में गहरा कट, फ्रैक्चर और घुटने पर खरोंच पाई गई।

ईएमटी रिशु शर्मा ने ट्रॉमा प्रोटोकॉल के अनुसार घाव को साफ कर मरहम-पट्टी की तथा फ्रैक्चर वाले पैर को स्प्लिंटिंग के माध्यम से स्थिर किया। डॉ. हरीश द्विवेदी और ट्रेनर मनोज के परामर्श के अनुसार आवश्यक प्राथमिक उपचार एवं दर्द निवारक दवा देने के बाद घायल को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने तक रास्ते में मरीज के महत्वपूर्ण शारीरिक संकेतों (वाइटल्स) की लगातार निगरानी की गई।

इसके बाद घायल सुमित कुमार को सुरक्षित रूप से सीएचसी तहबरपुर में भर्ती कराया गया। समय पर सहायता और बेहतर देखभाल के लिए घायल के परिजनों ने 108 एंबुलेंस के कर्मचारियों की सराहना की।

108 एंबुलेंस सेवा की इस तत्परता ने एक बार फिर आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर प्राथमिक उपचार और सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने के महत्व को रेखांकित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *