चंदौली। कानपुर के छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में 3 से 4 अक्टूबर तक आयोजित राष्ट्रीय कोबुडो मार्शल आर्ट्स चैंपियनशिप में चंदौली जनपद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 22 मेडल अपने नाम किए। इनमें प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों ने अकेले 16 मेडल जीतकर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया।
चंदौली कोबुडो मार्शल आर्ट्स संघ के जिला महासचिव एवं उत्तर प्रदेश के जॉइंट सेक्रेटरी और टीम कोच कुमार नन्दजी ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया।
अंश यादव ने काता में सिल्वर और फाइट में गोल्ड, अंजली दुबे ने काता में गोल्ड और फाइट में सिल्वर, अर्पित यादव ने काता व फाइट दोनों में ब्रॉन्ज, राघव मेहानी ने काता व फाइट में ब्रॉन्ज, आद्या पाठक ने काता व फाइट में ब्रॉन्ज तथा अभिनव चौहान ने काता व फाइट में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
इसी क्रम में अरमान चौहान ने काता में सिल्वर और फाइट में ब्रॉन्ज, जबकि नूर हसन ने काता में सिल्वर और फाइट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की।
प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। विद्यालय के डायरेक्टर दिवाकर यादव ने खिलाड़ियों को माल्यार्पण कर प्रमाण पत्र एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर दिवाकर यादव, डीन आर.पी. सिंह एवं प्रिंसिपल ए.के. पाण्डेय ने खिलाड़ियों के साथ खेल शिक्षक एवं टीम कोच कुमार नन्दजी तथा सुनीता कुमारी को अंगवस्त्र पहनाकर और माल्यार्पण कर बधाई दी।
विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।
AKCLIVENEWS18
संवाददाता: मस्तान अहमद 
