मारपीट में घायल डॉक्टर की इलाज के दौरान मौत

बरदह। जौनपुर निवासी एक डॉक्टर की दीदारगंज थाना क्षेत्र के पुष्पनगर में 22 अप्रैल को कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। घायल डॉक्टर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान डॉक्टर की मंगलवार को वाराणसी में मौत हो गई। इसके बाद परिजन दीदारगंज थाने पर शव लेकर पहुंचे और मारपीट करने वालों पर मुकदमा पंजीकृत कराया। मूलपुर से जौनपुर जिले के खेतासराय थाना अंतर्गत शाहापुर गांव निवासी महेंद्र कुमार बिंद (40) डाक्टर थे। वे चचारा महमूदपुर गांव में अपनी क्लीनिक चलाते थे। बीते सोमवार को वह गंभीरपुर थाना क्षेत्र के लुहसां गांव से दीदारगंज के सूधरपुर गांव बरात जाने के लिए बाइक से निकले। अभी वह पुष्पनगर में पहुंचे थे कि बाइक से एक महिला को धक्का लग गया। जिसके बाद महिला के परिजनों ने महेंद्र को मारपीट कर गंभीर रुप से घायल कर दिया।

सिर व पेट में गंभीर चोट आयी और मौके पर ही महेंद्र अचेत हो गए। उन्हें पुलिस इलाज के लिए पीएचसी मार्टीनगंज भेजा। जहां हालत गंभीर देख जौनपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जौनपुर से भी रेफर होने पर परिजन उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर ले गए। जहां मंगलवार को दिन में उनकी मौत हो गई। बुधवार की शाम परिजन शव लेकर दीदारगंज थाने पर पहुंचे और मारने-पीटनें वालों के खिलाफ तहरीर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया। मृतक दो पुत्र व दो पुत्रियों का पिता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *