आजमगढ़ में नवरात्रि के पर्व को सकुशल संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में बुधवार की शाम को आजमगढ़ के डीएम नवनीत सिंह चहल व एसपी हेमराज मीणा के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने नगर क्षेत्र में विभिन्न इलाकों में रूट मार्च किया। इस दौरान शहर कोतवाली से निकलकर बड़ा देव, मातबरगंज, मुख्य चौक, पुरानी कोतवाली, तकिया, पहाड़पुर समेत अन्य इलाकों में अधिकारियों की नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाया। वहीं डीएम ने बताया कि नवरात्रि व आगामी विजयादशमी के पर्व को सकुशल संपन्न करने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही है। इसके अलावा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर गाइडलाइन के अनुसार तालाबों को तैयार किया जा रहा है। विसर्जन यात्रा के रास्तों को दुरुस्त किया गया है। आज रूट मार्च निकाला गया है इस दौरान विभिन्न पंडालों पर भी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। वहीं एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि नगर क्षेत्र के अलावा सभी थाना क्षेत्र में भी फ्लैग मार्च किया गया है और यह संदेश दिया गया है कि कानून व्यवस्था से कोई भी खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों से सहयोग की अपील भी की जा रही है। मूर्ति पंडालों पर सुरक्षा व्यवस्था के पूरे बंदोबस्त किए गए हैं। इसके अलावा विसर्जन स्थल से लेकर जुलूस तक के रास्ते तक सुरक्षा व्यवस्था के बंदोबस्त रहेंगे। वहीं सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के प्रयास पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और यह और कड़ाई से किया जाएगा। सुनते हैं डीएम एसपी ने क्या कहा।
