कृषि निदेशक महोदय, उ०प्र० एवं जिलाधिकारी महोदय, आजमगढ़ के निर्देश क्रम में किसान सम्मान दिवस कार्यक्रम वर्ष 2024 तथा सब मिशन ऑन एग्रीकल्वर एक्सटेंशन (आत्मा) / मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम योजनान्तर्गत जनपद स्तरीय किसान मेला/प्रदर्शनी का आयोजन कृषि भवन परिसर सिधारी, आजमगढ़ में आज दिनांक-23/12/2024 को कृषि विभाग-आजमगढ़ द्वारा विशिष्ट अतिथि श्री सहजानन्द राय क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा, गोरखपुर क्षेत्र की मौजूदगी में किया गया। मेले की अध्यक्षता करते हुए मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी महोदय, आजमगढ़ श्री परीक्षित खटाना द्वारा कृषकों को कृषि विविधीकरण अपनाये जाने हेतु जागरूक करते हुए इसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उनके द्वारा कृषि एवं संवर्गीय विभागों द्वारा कृषक हित में चलायी जा रही योजनाओं के लाभ उठाने के लिये प्रेरित किया गया। उनके द्वारा स्व० चौधरी चरण सिंह जी मा० भूतपूर्व प्रधानमंत्री के जीवन पर प्रकाश भी डाला गया। वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए डा० मुलायम यादव द्वारा कृषि एवं संवर्गीय उद्योगों को अपनाते हुए शहर में पलायन से बचने का सुझाव दिया गया। कृषि के साथ-साथ पशुपालन, मत्स्य, कुक्कुट, रेशम पालन को अपनाते हुए अपनी आय में वृद्धि करने हेतु कृषकों को प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद के सुदूर क्षेत्रों से आये तमाम कृषकों द्वारा प्रतिभाग किया गया। उप कृषि निदेशक, आजमगढ़ श्री मुकेश कुमार द्वारा विभागीय योजनाओं में कृषकों को देय अनुदान की जानकारी दी गयी। उप कृषि निदेशक द्वारा कृषकों को धान / गन्ना की पराली न जलाये जाने के सम्बन्ध में बताया गया तथा उसको सड़ाकर खेत में प्रयोग करने के सुझाव दिया गया। उक्त के अतिरिक्त तिलहनी फसलों को अपनाने, कृषि के साथ-साथ एफ०पी०ओ० तथा अन्य विभागों की योजनाओं का लाभ लेते हुए उन्हें भी अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
किसान मेले में कृषि एवं संवर्गीय विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाकर मौके पर कृषकों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रतियोगिता के आधार पर चयनित कृषि एवं संवर्गीय विभागों के 115 प्रगतिशील कृषकों/उद्यमियों को माला एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कृत कृषकों में जनपद स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाले कृषकों को रू0 7000-00 तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले कृषकों को रू0 5000-00 एवं विकास खण्ड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कृषकों/उद्यमियों को रू० 2000-00 का पुरस्कार डी०बी०टी० के माध्यम से उनके पंजीकृत खातों में प्रदान किया जायेगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्री श्रीकृष्ण पाल जिलाध्यक्ष भाजपा आजमगढ़, श्री सूरज प्रकाश श्रीवास्तव जिलाध्यक्ष भाजपा लालगंज, श्री गोपाल दास गुप्ता संयुक्त कृषि निदेशक, आजमगढ़ मण्डल आजमगढ़, श्री मुकेश कुमार उप कृषि निदेशक आजमगढ़, श्री जनार्दन उप निदेशक (कृषि रक्षा) आजमगढ़ मण्डल आजमगढ़, श्री सत रंजन उप जिलाधिकारी (अतिरिक्त) आजमगढ़, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (मत्स्य), भूमि संरक्षण अधिकारी (ऊसर सुधार) आजमगढ़, प्रतिनिधि उद्यान विभाग आदि के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
