पूर्व कुलपति की समारोहपूर्वक हुई विदाई संस्थापक कुलपति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है
प्रो0 संजीव कुमार, कुलपति
महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो0 प्रदीप कुमार शर्मा को विश्विद्यालय परिसर एवं लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह के अस्थायी कुलपति आवास पर सम्पन्न अभिनन्दन कार्यक्रम में विदाई समारोह का आयोजन किया गया।दोनों स्थानों पर समारोह की अध्यक्षता नवागत कुलपति प्रो0 संजीव कुमार ने की।
मीडिया प्रभारी डॉ0 प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि,
विश्विद्यालय परिसर में प्राचार्यों और अधिष्ठाता समूह ने पूर्व कुलपति को विदाई के दौरान उन्हें स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्रम प्रदान कर उनके कार्यकाल की सराहना की।
लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में कुलपति के अस्थायी आवास पर विभिन्न महाविद्यालय प्रबंधकों, शिक्षकों और विश्वविद्यालय कर्मचारियों द्वारा भी पूर्व कुलपति का अभिनन्दन कर उन्हें विदाई दी गयी।
अध्यक्षता कर रहे नवागत कुलपति प्रो0 संजीव कुमार ने कहा कि नवस्थापित विश्विद्यालय के प्रथम कुलपति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, पूर्व कुलपति ने आज़मगढ़ के स्वप्निल विश्विद्यालय की मजबूत आधारशिला को तैयार किया है उसे और मजबूत बनाते हुए राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए शोध,शिक्षण और तकनीक को समुन्नत करते हुए कैंपस और महाविद्यालय के शिक्षण स्टाफ़ के माध्यम से नई ऊंचाइयां प्रदान की जायेंगी।प्रो0 प्रदीप कुमार शर्मा जी ने जिन सपनों को विश्वविद्यालय की नींव में पोषित किया है मेरे संकल्प है कि उसी नींव को सशक्त बनाते हुए उस पर उच्च शिक्षा के नए मानदंडों की स्थापना कर विश्वविद्यालय को वैश्विक फलक पर पहचान दिलाई जायेगी, विश्विद्यालय के सशक्त आधारशिला,बेहतर व्यस्थापन की थाती के द्वारा मेरा कार्य सरल बनाने के लिए मैं इनका अभिवादन और अभिनन्दन करते हुई इनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित करता हूँ।
पूर्व कुलपति प्रो0 प्रदीप कुमार शर्मा ने अपने सम्मान से भावविह्वल होकर कहा कि संस्थापक कुलपति के रूप में तन मन और धन से शत प्रतिशत समर्पण और नित उत्साह के साथ कार्य करते हुए एक साथ स्थापित तीन विश्विद्यालयों में केवल महाराजा सुहेलदेव विश्विद्यालय को तय समय से पूर्व मेरे द्वारा कैंपस में अन्तरित किया गया जिसमें महाविद्यालय के प्राचार्यों और शिक्षकों का अद्भुत सहयोग मिला,गत वर्ष प्रथम दीक्षान्त समारोह भी अत्यन्त सफलतापूर्वक संचालित हुआ जिसमें सभी लोगों ने अपने अथक परिश्रम से अल्प समय में बेहतर प्रदर्शन किया।एक कुलपति के रूप में विश्वविद्यालय के सभी अंशधारकों(छात्र-शिक्षक-कर्मचारी) मैंने पर्याप्त महत्व देते हुए उनकी समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का अंतिम प्रयास किया,नवागत कुलपति प्रो0 संजीव कुमार जी एक योग्य एकेमेडेशिएन,कुशल प्रशासक और विद्वान शिक्षक रहे हैं इसलिये यह परम विश्वास है कि कैंपस के साथ ही सम्बद्ध महाविद्यालय के योग्य शिक्षकों की प्रतिभा का मणिकांचन योग तैयार कर महाराजा सुहेलदेव विश्विद्यालय को आप नई ऊंचाइयां प्रदान करेंगे जिसके लिए मैं इन्हें हृदय के अभ्यन्तर से शुभकामनाएं प्रेषित करता हूँ और आज़मगढ़ की यादें सदा मेरे जेहन में बसकर मेरी वैचारिक ताक़त का सम्बल बनेंगी।
विदाई समारोह का संचालन एन सी सी अधिकारी डॉ0 पंकज सिंह एवं मीडिया प्रभारी डॉ0 प्रवेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
विदाई समारोह के अवसर पर कुलसचिव विशेश्वर प्रसाद,उपकुलसचिव केशलाल,प्रो0 गीता सिंह,अतिथि शिक्षिका डॉ0 राजेश्वरी पाण्डेय,डॉ0 प्रियंका,डॉ0 निधि,डॉ0 वैशाली, प्रबंधक समूह से सदावृक्ष पाण्डेय,महेंद्र राय,सूरज सिंह,अनिल यादव,प्रवीण राय,संदीप तिवारी,विपिन दूबे, राजेश यादव,बृजराज यादव,शम्भू दूबे,प्रमोद सिंह,कर्मचारिवृन्द,प्रांशु सिंह,विपिन शर्मा,आदित्य सिंह,भूपेन्द्र पाण्डेय एवं अन्य मौजूद रहे।
