ब्यूरो देवेंद्र कुशवाहा
मुहम्मदाबाद गोहना ÷ मऊ: थाना क्षेत्र के ग्राम नगरीपार में 2 जून को एक नाबालिग लड़की के साथ हुई छेड़छाड़ की सनसनीखेज घटना के आरोपी को पुलिस ने महज तीन दिनों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ से फरार आरोपी को 5 जून की सुबह सुरहुरपुर मोड़ के पास से पकड़ा गया और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगरीपार निवासी अनिल कन्नौजिया, पुत्र स्वर्गीय राजकुमार कन्नौजिया, ने उस समय घिनौनी हरकत को अंजाम दिया जब पीड़िता की मां बाजार गई हुई थीं और वह घर में अकेली थी। आरोपी पहले से मौके की तलाश में था। जैसे ही उसने घर खाली देखा, वह भीतर घुस गया और नाबालिग लड़की को अकेला पाकर उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। लड़की के विरोध के बावजूद उसने अपनी हरकतें नहीं रोकी और डराने-धमकाने के बाद वहां से भाग निकला।
घटना से स्तब्ध पीड़िता ने मां के आने पर पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद परिजन तुरंत थाने पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मु.अ.सं. 235/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 333 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 9/10 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश देना शुरू किया और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। इसी क्रम में 5 जून की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नगरीपार मोड़, सुरहुरपुर के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक सुरजीत सिंह व कॉन्स्टेबल अवनीश सोनकर तत्काल मौके पर पहुंचे और सुबह 9:45 बजे उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और आवश्यक साक्ष्य एकत्र करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताया है।
