चन्दौली। विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन चन्दौली में चन्दौली पुलिस की ओर से संवेदनशील एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल ने दृष्टिबाधित बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनके हुनर, रुचियों तथा सपनों के बारे में जानकारी लेकर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का आयोजन मार्गदर्शी संस्था अमर ज्योति सेवा केन्द्र, रवैहेरा के सहयोग से किया गया। इसका उद्देश्य “Love Your Eyes, Save Your Sight” के संदेश के साथ आंखों की सुरक्षा, दृष्टिबाधित लोगों के प्रति संवेदनशीलता तथा “नेत्रदान महादान” के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत अमर ज्योति सेवा केन्द्र के दृष्टिबाधित बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।

इस दौरान बच्चों ने एसपी से कई रोचक सवाल पूछे। पुलिस अधीक्षक ने भी बच्चों से बातचीत करते हुए उनके भविष्य के सपनों, रुचियों और योजनाओं के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शारीरिक कमी की मोहताज नहीं होती। मजबूत इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के साथ हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

एसपी ने बच्चों के शिक्षकों से भी बातचीत की और जाना कि दृष्टिबाधित बच्चे ब्रेल लिपि के माध्यम से किस प्रकार शिक्षा प्राप्त करते हैं तथा संगीत और अन्य कौशल सीखते हैं। शिक्षकों ने विशेष शिक्षण पद्धति, ब्रेल लिपि और संगीत प्रशिक्षण की जानकारी दी। एसपी ने शिक्षकों के समर्पण और सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि दृष्टिबाधित बच्चों को शिक्षा, अवसर और सम्मान देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “आंखें ईश्वर का अनमोल उपहार हैं। विश्व दृष्टि दिवस हमें अपनी आंखों की देखभाल करने के साथ-साथ उन लोगों के जीवन में रोशनी लाने का संदेश देता है, जिन्हें दृष्टि की आवश्यकता है। नेत्रदान महादान है। हमारे छोटे से संकल्प से किसी के जीवन में नई रोशनी आ सकती है।”

कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने दृष्टिबाधित बच्चों को लंच पैकेट वितरित किए, जबकि उनके गुरुजनों को शॉल देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों और शिक्षकों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, प्रतिसार निरीक्षक वेदमणी मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, मार्गदर्शी संस्था के पदाधिकारी, शिक्षकगण और दृष्टिबाधित बच्चे मौजूद रहे।

AKCLIVENEWS18

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *