आजमगढ़। जर्जर हो चुकी पुलिया की स्थिति को लेकर राष्ट्रीय उलामा काउंसिल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए भारी वाहनों के आवागमन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय उलामा काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने किया।
प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि उक्त फरिहा पुलिया सिंचाई विभाग/नहर विभाग के अंतर्गत आती है और इसकी हालत काफी खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पुलिया के नीचे लगी सरिया भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त और जर्जर हो चुकी है। ऐसे में संकरी सड़क पर भारी वाहनों के लगातार आवागमन से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग से स्कूल बसें और बच्चों सहित बड़ी संख्या में आम लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। क्षेत्र में पहले भी कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में लोगों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिया पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाया जाना जरूरी है।
अनिल सिंह ने कहा कि फिलहाल छोटे वाहनों का आवागमन जारी रखा जा सकता है, लेकिन भारी वाहनों को रोका जाए ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके और सिंचाई विभाग की संपत्ति को भी नुकसान न पहुंचे।
उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर पुलिया के नए सिरे से निर्माण कराने, इसे मजबूत बनाने और सड़क को चौड़ा कराने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क और फरिहा पुलिया का निर्माण मजबूत तरीके से किया जाए, ताकि भविष्य में भारी वाहनों के आवागमन के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी या खतरे का सामना न करना पड़े।
विरोध प्रदर्शन में मोहम्मद आरिफ, ओसामा, रिजवान, आसिफ, विनोद, आशीष, प्रदीप, बलवंत सिंह, राजेश यादव एवं आशीष सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आम जनमानस की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए प्रशासन को जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाना चाहिए।
